पिच को लेकर विवाद खड़ा करने वालों को सुनील गावस्कर ने बताया ‘मूर्ख’, बोले- यह सब बकवास है
नई दिल्ली. वर्ल्ड कप 2023 का पहला सेमीफाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, लेकिन इस नॉकआउटम मैच से पहले एक विवाद सामने आया। इंग्लिश मीडिया की ओर से दावा किया गया कि आखिरी समय पर बीसीसीआई के कहने पर पिच को बदल दिया गया। इस पर आईसीसी और बीसीसीआई ने बयान देते हुए सारी सच्चाई बताई, जबकि मैच के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर पिच से जुड़ी अफवाहों पर भड़क गए और ऐसे किसी भी सुझाव को खारिज कर दिया।
गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, “वे सभी मूर्ख हैं, जो पिच बदलने की बात कर रहे थे। बंद करो। भारतीय क्रिकेट पर आक्षेप लगाना बंद करो। लोगों ने ध्यान आकर्षित करने के लिए कुछ और भी बहुत सी बातें कही हैं। यह सब बकवास है। पिच वही थी और अगर बदली भी तो दोनों टीमों के लिए टॉस से पहले वही पिच थी। पारी के बीच में इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया। टॉस होने के बाद भी इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया। यदि आप एक अच्छी टीम हैं, तो आप उस पिच पर खेलते हैं और जीतते हैं। भारत ने ऐसा किया है। इसलिए पिचों के बारे में बात करना बंद करें। वे पहले से ही अहमदाबाद के बारे में बात कर रहे हैं और दूसरा सेमीफाइनल भी नहीं हुआ है। वे अहमदाबाद में पिच बदले जाने की बात कर रहे हैं। बकवास।”
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पूरी घटना को लेकर एक बयान जारी किया था। आईसीसी ने बताया था कि पिच को बदलना आम बात है और पहले भी ऐसा हो चुका है। आईसीसी ने एक बयान में कहा, “यह बदलाव हमारे मेजबान आयोजन स्थल क्यूरेटर की सिफारिश पर किया गया है।” आईसीसी ने यह भी कहा कि उसके स्वतंत्र पिच सलाहकार एटकिंसन को बदलाव की जानकारी थी। आईसीसी ने इस बात की जानकारी भी दी थी कि जरूरी नहीं है कि आईसीसी इवेंट के नॉकआउट मैच फ्रेश पिच पर होने चाहिए।

