भेंट-मुलाकात: मुख्यमंत्री बघेल बसना विधानसभा के ग्राम गोपालपुर पहुंचे




रायपुर, 13 दिसम्बर 2022/ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान आज महासमुंद जिले के बसना विधानसभा क्षेत्र के पिथौरा तहसील के गांव गोपालपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री बघेल का स्थानीय जनता ने फूल-माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने गोपालपुर में क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने आमजनता के प्रशासनिक कार्यों में तेजी और सहूलियत को देखते हुए बसना में अनुविभागीय कार्यालय प्रारंभ करने घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम लाखागढ़ से राजा सवइय्या कला तक सड़क निर्माण, बाघ नदी में एनीकट निर्माण, देवगांव जलाशय में नहर जीर्णाेद्धार एवं नहर लाईनिंग कार्य के साथ पिथौरा नगर पंचायत में गौरव पथ निर्माण और बसना में बाजार स्थल में चबूतरा शेड का निर्माण करने की घोषणा भी की। उन्होंने ग्रामीण बच्चों के लिए स्कूली शिक्षा के दायरे को विस्तार देते हुए ग्राम मेमरा हाईस्कूल के हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नयन, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर के भवन का उन्नयन करने और ग्राम पंचायत भोकलूडीह में नवीन प्राथमिक स्कूल भवन की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच को वन अधिकार पत्र के लिए अतिशीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू,बसना विधायक श्री देवेन्द्र बहादुर सिंह, सरायपाली विधायक श्री किस्मत लाल नंद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उषा पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
भेंट-मुलाकात के दौरान श्रीमती डोमेश्वरी ने बताया कि उन्होंने 1054 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट बनाया है। इससे अब तक 04 लाख 02 हजार रूपए से अधिक का लाभ हुआ है। वर्मी कम्पोस्ट से मिले पैसों से वे अपने बच्चों को पढ़ा रही हैं। यह योजना बहुत अच्छी है। इस पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि महात्मा गांधी जी के मार्ग स्वावलंबन की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। 09 हजार गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट बनाया जा रहा है। उत्पादों के विक्रय की व्यवस्था भी की गई है। यह बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि स्वावलंबी गौठान के माध्यम से ग्राम विकास के लिए भी राशि दी जा सकती है।
मुख्यमंत्री से मिलने ग्राम मेमरा से आए किसान श्री संजय पटेल ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे सुगंधित धान का उत्पादन कर रहे हैं। खेत में वर्मी कम्पोस्ट डालने से स्वास्थ्य और खेती दोनों को बड़ा फायदा हो रहा है। गोपालपुर के कपूरचंद यादव ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि गोबर 2 रुपये किलो में विक्रय होगा। अब तक उन्होंने 50 क्विंटल से ज्यादा का गोबर बेच लिया है। शोभाराम पटेल ने राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत 3 किश्त मिलने पर योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। किसान श्री राजेन्द्र डडसेना ने बताया कि धान विक्रय के लिए टोकन मिल गया है। खैरखूँटा के श्री कबीर साहू ने बताया कि हाट बाजार क्लिनिक योजना के तहत हर शुक्रवार को बाजार में गाड़ी आती है। इससे उन्हें ब्लड टेस्ट, दवाइयां और डॉक्टरी सलाह निःशुल्क मिल रही है।