खास खबरखेल-मनोरंजनदेश-विदेशभोपालमध्यप्रदेश

बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के साथ ग्वालियर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का हुआ आगाज

मध्यप्रदेश की एश्वर्या मेहता, आंध्रप्रदेश के दोनेपुड़ी व तेलंगाना के लोकेश रेड्डी को मिला वॉकओवर
जिम्नास्टिक प्रतियोगिताएँ एक फरवरी से
शीर्ष सम्मान का लक्ष्य लेकर उतरेंगे मध्यप्रदेश के जिम्नास्ट

ज्ञात हो खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ 30 जनवरी को भोपाल के तात्याटोपे स्टेडियम में हुआ। ऐतिहासिक ग्वालियर शहर, खेलो इंडिया यूथ गेम्स में बैडमिंटन, जिम्नास्टिक्स, हॉकी और कलरिपयट्टू के खिलाड़ियों की मेजबानी कर रहा है।

कम्पू खेल परिसर स्थित मध्यप्रदेश बैडमिंटन अकादमी में मंगलवार से शुरू हुई बैडमिंटन प्रतियोगिता में बालिका वर्ग के पहले मैच में कर्नाटक की शटलर कर्णिका श्री ने सीधे सेटों में छत्तीसगढ़ की हीरल चौहान को 21 – 18 व 21 – 17 से हराया। बालक वर्ग के पहले मैच में कर्नाटक के निकोलस नाथन राज ने राजस्थान के संस्कार सारस्वत को 14 – 21, 21 – 09 व 21 – 13 से शिकस्त दी।

बैडमिंटन प्रतियोगिता के पहले दिन हुए अन्य मैचों में कर्नाटक के सात्विक शंकर ने दमन-दीव के हर्ष चदसामा को 21 – 06, 21 – 09 से, पंजाब के अभिनव ठाकुर ने तमिलनाडु स्टेट के सात्विक रेड्डी को 21 – 07 व 21 – 11 से, उत्तरप्रदेश के गार्गिल गार्गी ने दमन-दीव के अक्षयराज कुमार को 21 – 05 व 21 – 06 से, कर्नाटक के तुषार सुबीर ने मध्यप्रदेश के उदय मुक्ति को 21 – 11 व 21 – 11 से, महाराष्ट्र की नायशा कौर भटोए ने राजस्थान की साक्षी फोगाट को सीधे सेटों में 21 – 18 व 21 – 10 एवं हरियाणा के मनराज सिंह ने कर्नाटक के आयुष शेट्टी (2) को 21 – 18 व 21 – 13 से हराया। मध्यप्रदेश की शटलर एश्वर्या मेहता, आंध्रप्रदेश की रस्मिता दोनेपुड़ी और तमिलनाडु के लोकेश रेड्डी को वॉकओवर मिला।

ग्वालियर स्थित एलएनआईपीई (लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन) में एक फरवरी से जिम्नास्टिक्स प्रतियोगिता शुरू होगी। इसमें देश भर के 200 से अधिक जिम्नास्ट शीर्ष सम्मान के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। टीम मध्यप्रदेश में 18 जिम्नास्ट (7 पुरुष और 11 महिला) भाग लेंगे।

मध्यप्रदेश महिला जिम्नास्टिक टीम की कोच सुश्री मेघा साहू का कहना है कि उन्हें अपनी बालिका जिम्नास्टों से पदकों की बड़ी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हमारी जिम्नास्ट मानसिक रूप से तनावग्रस्त नहीं हैं। हमारी लड़कियों ने कड़ी मेहनत की है और हम यहाँ पदक जरूर प्राप्त करेंगे।

मध्यप्रदेश महिला जिम्नास्टिक टीम में ग्यारह लड़कियाँ विभिन्न प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेंगी। जिनमें पाँच लड़कियाँ रिदमिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जबकि अन्य 6 बालिकायें कलात्मक जिम्नास्टिक प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी।

मध्यप्रदेश बालक जिम्नास्टिक टीम के सात खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। मध्यप्रदेश ब्वायज जिम्नास्टिक टीम के कोच श्री सतनारायण पड़वार ने कहा है कि “उनकी टीम के सातों लड़के पूरी तरह से फिट है और प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि ‘यह अनुमान लगाना संभव नहीं है कि हम कितने पदक जीतेंगे लेकिन मुझे अपने लड़कों से कम से कम तीन से चार पदक मिलने की उम्मीद है। जिम्नास्ट दीपेश लश्करी और घनश्याम बिल्लोरे से पदकों का पूरा भरोसा है। टीम के अन्य जिम्नास्ट से भी मध्यप्रदेश को पदकों की उम्मीद है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button