खास खबरछत्तीसगढ़ प्रदेशबेमेतरा

हरेली तिहार के संग खेल तिहार की तैयारी शुरू, हरेली त्यौहार के दिन होगा छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आगाज

17 जुलाई से होगा 16 प्रकार के पारम्परिक खेलों का आयोजन

बेमेतरा 07 जुलाई 2023-पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2023-24 का आयोजन 17 जुलाई को किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की पहल पर छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने, खेलों के प्रति जागरूकता फैलाने, खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने और खेल भावना का विकास करने के उद्देश्य से शुरू किए गए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2023-24 का आगाज हरेली त्योहार के दिन 17 जुलाई से होगा। लगभग 2 माह 10 दिन तक चलने वाले यह खेल प्रतियोगिता 6 चरणों में आयोजित होगी। इस खेल प्रतियोगिता में बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में दलीय एवं एकल श्रेणी में 16 तरह के पारम्परिक खेलों को शामिल किया गया है। इस बार के ओलंपिक में एकल श्रेणी में रस्सीकूद एवं कुश्ती को भी जोड़ा गया है। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के आयोजन का दायित्व ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और नगरीय क्षेत्रों के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को सौंपा गया है। प्रतियोगिता का समापन 27 सितंबर 2023 को होगा।

बच्चे, बुढ़े और जवान पुरूष के साथ साथ महिलाओं के लिए भी हरेली तिहार से शुरू होगा छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक। कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा ने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पंचायत को तैयारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्तर के प्रतियोगिता के लिए समिति गठित कर सभी प्रतिभागियों को खेल भावना से खेलने एवं हरेली त्यौहार के अवसर पर बेमेतरा जिले में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक प्रारंभ करने निर्देशित किया।

इस वर्ष छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में 14 खेलों की जगह 16 खेलो का आयोजन होना है जिसमे गिल्ली-डंडा, पिठ्ठुल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बांटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लंबीकूद तथा रस्सीकूद एवं कुश्ती को शामिल किया गया है ये सभी खेल आयु वर्ग 18 से कम, 18-40 और 40 से उपर महिला तथा पुरुष दोनो समूह के लिए होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button