मणिपुर की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी कल करेगी प्रदर्शन
रायपुर । मणिपुर में कुकी आदिवासी महिलाओं के साथ हुई अमानवीयता को लेकर आम आदमी पार्टी कल, मंगलवार को राजधानी रायपुर में अपना विरोध दर्ज कराएगी। यह जानकारी आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने आज एक जारी बयान में दिया है। हुपेंडी ने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं है। लेकिन जो मणिपुर में हुआ वह पूरे देश को शर्मसार कर दिया है। दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए नग्न अवस्था में उनकी परेड कराई गई। जिसकी जितनी निंदा की जाए, वह कम है। इस अपराध के लिए आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
कोमल हुपेंडी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा, मणिपुर 3 महीनों से जातीय हिंसा में जल रहा था लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मूकदर्शक बने हुए थे। जब आदिवासी बहन बेटियों के साथ यौन दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद जब सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया। तब बेबसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर पर कुछ बोलने के बजाय राजस्थान और छतीसगढ़ पर भाषण देकर इस तरह की घटना पर भी राजनीतिकरण करने का काम किया। प्रधानमंत्री का इस तरह का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। आज विदेशों में भारत की छवि खराब हो रही है।
हुपेंडी ने कहा, देश का एक हिस्सा जल रहा है, वहां महिलाओं के साथ बलात्कार हों रहे हैं। बच्चों की हत्या हो रही है। दुनिया भर में भारत की बदनामी हो रही है। लेकिन केंद्र सरकार अपनी नाकामी छिपाने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा, इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी महामहिम राष्ट्रपति से मामले में कल विरोध प्रदर्शन के माध्यम से हस्तक्षेप की मांग करेगी। क्योंकि राष्ट्रपति एक महिला है, इसके साथ ही वह आदिवासी समाज से भी आती है, इसलिए मणिपुर के आदिवासियों के सुरक्षा को देखते हुए राष्ट्रपति को मणिपुर सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू करना चाहिए।