पितृ पक्ष में सोना 60 हजारी, नवरात्रि से कीमत में आएगी तेजी, दाम 65 हजार तक जाने की संभावना
रायपुर. पितृ पक्ष का प्रारंभ हाेते साथ इसका बड़ा असल सराफा बाजार में देखने काे मिल रहा है। पितृ पक्ष में ही सोने की कीमत 60 हजार से भी कम हो गई है। हालांकि 15 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाली नवरात्रि से कीमत में वापस तेजी आने की बात सराफा कारोबारी कर रहे हैं। त्योहारी सीजन में कीमत के 65 हजार तक जाने की संभावना जताई जा रही है। चांदी की कीमत में जरूर इजाफा हुआ है। इसकी कीमत एक ही दिन में 16 सौ रुपए बढ़ी है। हालांकि इसकी कीमत अभी भी कम है, क्योंकि चांदी की कीमत दो माह पहले 76 हजार के करीब थी, लेकिन इस समय कीमत 72 हजार 600 ही है। सोने की कीमत कम होने से निवेशकों की भारी खरीदारी होने की संभावना है। ऐसा होते ही कीमत वापस बढ़ने लगेगी।
सोने की कीमत में इस साल बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस साल ऐसी उथल पुथल हुई है कि इस साल लाइफ टाइम में पहली बार साेना छत्तीसगढ़ के इतिहास में मई में 63 हजारी की दहलीज पर पहुंच गया था, संभावना जताई जा रही थी कि अब सोने के भाव कम नहीं होंगे और कीमत 65 हजार तक जाएगी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में वापस कुछ ऐसा हुआ कि जून में कीमत वापस गिरने लगी और सोना 60 हजारी हो गया। लेकिन फिर वापस जुलाई से सोने की कीमत में लगातार इजाफा होने लगा इस माह सोना 61 हजारी होने के बाद 62 हजारी के करीब पहुंचा। लेकिन अगस्त में फिर यह वापस 60 हजारी तक आया और फिर अब यह सितंबर में 61 हजारी होने के बाद 62 हजारी के रास्ते पर चला, लेकिन सितंबर के अंतिम दिन कीमत 60 हजार से भी कम होकर 59 हजार 650 रुपए हो गई। चांदी कीमत ने शनिवार को बाजार बंद होने के समय 72600 रुपए थी। एक दिन पहले शुक्रवार को कीमत 71 हजार थी, यानी एक ही दिन में कीमत 16 सौ रुपए बढ़ी।
अभी कीमत 10 हजार ज्यादा
इस साल की बात करें तो मई तक सोने की कीमत करीब 8 माह में 12 हजार नौ सौ रुपए बढ़ी थी। पिछले साल धनतेरस और पुष्य नक्षत्र और दीपावली के समय राजधानी रायपुर में सोने की कीमत 50 हजार दो सौ रुपए थी, जो मई में 62 हजार 900 रुपए हो गई थी। कारोबारियों के मुताबिक पहले कभी इतने कम समय में इतनी ज्यादा कीमत नहीं बढ़ी थी। पिछले साल तो ज्यादातर समय कीमत 50 हजार के आस-पास ही रही है। इस साल कीमत में लगातार इजाफा होने से पहले कीमत 55 हजार के पार हुई। इसके बाद देश में सोना पहली बार इस साल 60 हजारी हुआ और इसके बाद सोना 63 हजारी की राह पर चला लेकिन 63 हजारी बनने से पहले ही सोना वापस 60 हजारी हो गया और अब वापस 62 हजारी बनने की दहलीज पर पहुंचा और अब वापस कीमत 60 हजारी हो गई है। इस समय पिछले साल धनतेरस और दीपावली से कीमत 10 हजार रुपए ज्यादा है।