आज भाजपा के घोषणा पत्र का शाह करेंगे ऐलान

रायपुर. लंबे इंतजार के बाद अब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र आज दाेपहर काे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जारी करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी उपस्थित रहेंगे। इसके पहले केंद्रीय गृह मंत्री की पंडरिया में आम सभा होगी। उनका चार नवंबर का दौरा रद्द कर दिया गया है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आज सभाएं लेने के लिए आ रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र बनाने के लिए भाजपा ने प्रदेश की जनता से सुझाव लिए हैं। भाजपा को दो लाख से ज्यादा सुझाव भी मिले हैं। इन सुझावों का पूरा फोकस करीब दो दर्जन मुद्दों पर रहा है। जनता के सुझावों को प्रदेश भाजपा संगठन ने बनाकर राष्ट्रीय संगठन को भेजा था। राष्ट्रीय संगठन ने छत्तीसगढ़ का घोषणापत्र दिल्ली में तैयार किया है। अब इसका ऐलान रायपुर में अमित शाह से कराया जाएगा। श्री शाह का पहले चार और पांच नवंबर का दौरा बना था, लेकिन अचानक से कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह आज पहले और दूसरे चरण के चुनाव के लिए सभाएं लेने के लिए आ रहे हैं। रायपुर आने के बाद उनकी सबसे पहले बस्तर के सुकमा में 11 बजे सभा होगी। इसके बाद सरगुजा के सीतापुर में 1.30 और कोरिया जिले के और महेंद्रगढ़ में 3.10 बजे सभा होगी।