जबलपुर की हाई प्रोफाइल सीट पर हंगामा

जबलपुर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को अब सिर्फ 9 दिन बचे है। इसी बीच जबलपुर की हाई प्रोफाइल सीट पर भारी बवाल देखने को मिला है। बुधवार रात पश्चिम विधानसभा में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता के बीच झंडे बैनर लगाने के पीछे जोरदार हंगामा हुआ। विवाद को लेकर भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ थाने में शिकायत की।
यह घटना जबलपुर के हाथीताल रेलवे क्रॉसिंग के पास की है। जहां भाजपा प्रत्याशी राकेश सिंह एक नुक्कड सभा कर रहे थे। पुलिस के अनुसार यहां भाजपा की महिला कार्यकर्ता घरों में झंडे लगा रहीं थीं जिसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया और झंडे लगाने की अनुमति मांगनी शुरू कर दी। वहीं मामले को लेकर भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कांग्रेस भाजपा के कार्यकर्ता आमने सामने हो गए।
हंगामा बढ़ने पर गोरखपुर थाना पुलिस सहित भाजपा प्रत्याशी राकेश सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी तरुण भनोत के भाई गौरव भनोत भी मौके पर जा पहुंचे। वहीं मामले को लेकर भाजपा की महिला कार्यकर्ता ने गोरखपुर थाने में शिकायत की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
