देश-विदेश

अब WhatsApp में देखने होंगे फालतू विज्ञापन, ऐप के इस हिस्से में सबसे बड़ा बदलाव

दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले मेसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp में जल्द यूजर्स को सबसे बड़ा बदलाव दिखने वाला है। मेटा की ओनरशिप वाले इस ऐप में यूजर्स को अलग-अलग ऐड्स या विज्ञापन देखने पड़ेंगे। संकेत मिले हैं कि इन विज्ञापनों को ऐप के स्टेटस और चैनल्स सेक्शंस का हिस्सा बनाया जाएगा। साफ है कि इस बदलाव के साथ कंपनी की कोशिश ज्यादा कमाई करने की है।

वॉट्सऐप CEO विल कैथकार्ट ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस बात के संकेत दिए हैं कि यूजर्स को स्टेटस और चैनल्स सेक्शन में विज्ञापन देखने पड़ सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन विज्ञापनों का असर मुख्य मेसेजिंग इनबॉक्स पर नहीं पड़ेगा और यूजर्स को पहले जैसा चैटिंग अनुभव मिलता रहेगा। वॉट्सऐप पर उन सेक्शंस में ऐड दिखाए जाएंगे, जिनमें पब्लिक ब्रॉडकास्टिंग और ग्रुप डिस्कशंस से जुड़ा कंटेंट ऑफर किया जाता है।

क्रिएटर्स प्रमोट कर पाएंगे उनका कंटेंट
नए बदलाव के साथ चैनल्स की ओर से सब्सक्रिप्शन आधारित एक्सेस वॉट्सऐप यूजर्स को दिया जा सकेगा या फिर चैनल्स अपना कंटेंट प्रमोट कर सकेंगे। प्रमोट किया गया यह कंटेंट वॉट्सऐप यूजर्स को अपडेट्स सेक्शन में ऊपर दिखेगा। इसके अलावा स्टेटस में वैसे ही ऐड्स दिखेंगे, जैसे अभी फेसबुक और इंस्टाग्राम स्टोरीज में दिखते हैं। हालांकि वॉट्सऐप CEO ने चैट इंटरफेस में ऐड दिखाने की संभावना को सिरे से नकार दिया है।

पहले भी की थी ऐप में ऐड्स की टेस्टिंग
मेटा की ओनरशिप वाले मेसेजिंग ऐप ने इससे पहले साल 2019 में भी स्टेटस फीचर में ऐड दिखाने की टेस्टिंग की थी और माना गया था कि ऐप में जल्द ऐड दिखने लगेंगे। हालांकि ऐप ने बीटा टेस्टिंग के बावजूद इस बदलाव को पब्लिक रिलीज का हिस्सा नहीं बनाया था। इस बार कंपनी CEO से मिले संकेतों के चलते संभव है कि अपडेट्स सेक्शन में यूजर्स को शॉर्ट ऐड्स और प्रमोशनल कंटेंट दिखने लगे।

विज्ञापनों के चलते होती है ज्यादा कमाई
फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की कमाई यूजर्स डाटा पर आधारित पर्सनलाइज्ड विज्ञापन या ऐड्स दिखाने के चलते होती है। वॉट्सऐप शुरू से ही ऐड-फ्री प्लेटफॉर्म रहा था लेकिन साल 2014 में जब मेटा (पहले फेसबुक) ने इसे खरीदा, इसके बाद से ही कयास लग रहे थे कि ऐप में रेवन्यू बढ़ाने से जुड़े बदलाव किए जाएंगे। लंबे वक्त तक ऐड-फ्री रहने के बाद अब इस ऐप में विज्ञापन दिखाते हुए मेटा कमाई का नया विकल्प तलाश रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button