इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम को ताला लगा दो…वसीम अकरम ने बताया पाकिस्तान के सेमीफाइनल में …

नई दिल्ली. न्यूजीलैंड की श्रीलंका पर 5 विकेट से जीत के बाद पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे लगभग बंद हो गए हैं। हालांकि पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने का एक नायाब तरीका बताया है। पाकिस्तान का लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला गत चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ है। अकरम का कहना है कि अगर पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम को ताला लगा देती है तो उनके सभी खिलाड़ी ‘टाइम आउट’ के चलते आउट हो जाएंगे और पाकिस्तान मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। हालांकि यह बात उन्होंने मजाकिया अंदाज में कही थी।
पाकिस्तान को न्यूजीलैंड को नेट रन रेट के मामले में पछाड़ने के लिए डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को कम से कम 287 रनों से शिकस्त देनी होगी, वहीं अगर टीम लक्ष्य का पीछा करती है तो उन्हें मुकाबला 284 गेंदें शेष रहते जीतना होगा। ये दोनों ही काम पाकिस्तान के लिए असंभव से है।
ऐसे में न्यूजीलैंड वर्सेस श्रीलंका मैच के बाद वसीम अकरम ने एक टीवी चैनल के एंकर से शो शुरू होने से पहले इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम को ताला लगाने की बात कही थी। इस किससे को बाद में एंकर ने ऑन एयर बताया।
एंकर के अनुसार वसीम अकरम ने कहा था ‘पाकिस्तान पहले बैटिंग करके जो भी स्कोर बनाना है वो बना ले। फिर इसके बाद वह इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम को बाहर से ताला लगा दे और सबको 20 मिनट के अंदर टाइम आउट करवा दें और मैच जीत जाए। इससे एवरेज भी बन जाएगी और मैच भी जीत जाएंगे।’
बता दें, श्रीलंका पर जीत दर्ज करने के बाद न्यूजीलैंड का नेट रन रेट +0.743 का हो गया है, वहीं पाकिस्तान का नेट रन रेट +0.036 का है। सेमीफाइनल की रेस में हालांकि अफगानिस्तान भी है जिसका नेट रन रेट -0.338 का है। अगर अफगानिस्तान को सेमीफाइनल में कदम रखना है तो उन्हें साउथ अफ्रीका को 438 रनों से हराना होगा।