छत्तीसगढ़ प्रदेश

SUV कारों का क्रेज टॉप गियर में

रायपुर . देश भर में इस समय एसयूवी कारों का जादू युवाओं के सिर चढ़कर बाेल रहा है। इससे अपना राज्य छत्तीसगढ़ भी अछूता नहीं है। अपने प्रदेश में भी अब 10 से 20 लाख तक की एसयूवी कारों का क्रेज ज्यादा हो गया है। छत्तीसगढ़ के ऑटोमोबाइल बाजार में 50 फीसदी कब्जा एसयूवी कारों का हो गया है। इसी के साथ 5 से 8 लाख तक के बजट वाली कारों का बाजार अब सिमट कर 50 फीसदी से कम पर आ गया है। पहले कम बजट वाली कारों का बाजार ज्यादा था। एसयूवी के साथ कम बजट वाली कारों में सबसे ज्यादा डिमांड मारुति सुजुकी के मॉडलाें की है। जनवरी से लेकर नवंबर तक इस कंपनी के 23 हजार से ज्यादा चारपहिया वाहन बिके हैं। दूसरी कंपनियों में और कोई भी कंपनी दस हजार के आंकड़ों तक भी नहीं पहुंच सकी है। वैसे मारुति के बाद सबसे ज्यादा टाटा, हुंडई, महिंद्रा, टोयोटा और किया के मॉडल पसंद किए जा रहे हैं।
आज का जमाना एसयूवी कारों का है। इन कारों में सबसे ज्यादा अच्छे फीचर होने के कारण खासकर युवा वर्ग में एसयूवी मॉडल पसंद किए जा रहे हैं। जहां अमीर वर्ग 50 लाख से लेकर एक से डेढ़ करोड़ के मॉडल पसंद करते हैं, वहीं मध्यम वर्ग की पसंद एसयूवी के 10 से 20 लाख वाले मॉडल हैं। वैसे एसयूवी कारों का प्रारंभ 7 से 8 लाख से भी हो जाता है। लेकिन कम कीमत वाले वाहनों में कुछ फीचर कम होते हैं।

सबसे ज्यादा मारुति के मॉडल बिक रहे
अपने प्रदेश में सबसे ज्यादा कारोबार मारुति सुजुकी का हो रहा है। ऑटोमोबाइल कारोबारियों से मिली जानकारी के मुताबिक जनवरी से लेकर 24 नवंबर तक मारुति के अलग-अलग मॉडलों को मिलाकर 23244 चारपहिया वाहन बिके हैं। हर माह दो हजार से ज्यादा वाहन बिक रहे हैं। मारुति में एसयूवी के मॉडलों की बात करें तो मारुति ब्रेजा 9 से 14 लाख, फ्रांक्स 8 से 13 लाख, ग्रैंड विटारा 11 से 20 लाख और जिन्मी जीप 13 से 15 लाख की है। इसी के साथ कम कीमत वाले मॉडलों में अल्टो 800, वैगनआर जैसे मॉडल हैं।

टाटा-हुंडई के मॉडलों का भी क्रेज
मारुति के बाद टाटा और हुंडई के मॉडलों को भी बहुत पसंद किया जा रहा है। टाटा की एसयूवी में सबसे ज्यादा क्रेज 8 से 10 लाख कीमत वाली नेक्सन कार का है। इसी के साथ दूसरे मॉडल भी हैं जिनकी कीमत 6 से 27 लाख तक है। टाटा की सफारी की कीमत 17 से 28 लाख तक है। इस कंपनी के जनवरी से नवबंर तक 6917 वाहन बिके हैं। हुंडई की क्रेटा का बड़ा क्रेज है। इसकी कीमत 11 से 20 लाख है। इसी के साथ एक्सटर की कीमत 1 से 11 लाख, वेन्यू की कीमत 8 से 14 और अल्काजार की कीमत 17 से 21 लाख है। इस कंपनी के जनवरी से नवंबर तक 6451 वाहन बिके हैं।

महिंद्रा की थार पहली पसंद
एसयूवी वाहनों में महिंद्रा एंड महिंद्रा की थार जीप का सबसे ज्यादा क्रेज है। इसकी एक समय सबसे ज्यादा साल भर की वेटिंग थी, लेकिन अब इसकी वेटिंग तीन माह पर आ गई है। इसी के साथ इस कंपनी की एक्सयूवी 700 जो 14 से 27 लाख ही है, बोलेरो और स्कॉर्पियो का भी बड़ा क्रेज है। इस कंपनी के इस साल अब तक 5348 वाहन बिके हैं।

किया की कारें भी बिक रहीं हर माह दो सौ
एसयूवी वाले मॉडलों में किया कंपनी की कारों का भी क्रेज बढ़ते जा रहा है। इस कंपनी की हर माह छत्तीसगढ़ में दो सौ से ज्यादा कारें बिक रही हैं। इस साल कंपनी की 2210 कारें अब तक बिक चुकी हैं। इस कंपनी के मॉडलों में 11 से 21 लाख वाली सेल्टोस और 8 से 15 लाख वाली सोनेटे एसयूवी कारें हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button