Google पर क्यों लगा 5823 करोड़ जुर्माना? 1337 करोड़ India ने लगाया
दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन Google को बहुत बड़ा झटका लगा है। Google को अमेरिका को 5823 करोड़ देने हैं। वहीं भारत ने भी Google पर 1337 करोड़ का जुर्माना लगाया है। Google कंपनी मार्केट में एंड्रॉइड की मजबूत स्थिति का गलत फायदा उठाने के एक केस में बुरी तरह हारी है। वहीं Google अपने ‘प्ले स्टोर’ पर अन्य ऐप डेवलपर्स को मौका देने के लिए भी मान गया है। सान फ्रांसिस्को की एक अदालत ने मामले का निपटारा करते हुए Google को जुर्माना भरने के आदेश दिए।
कोर्ट के आदेशानुसार, Google पर लगाए गए जुर्माने में से 63 करोड़ डॉलर ग्राहकों को दिए जाएंगे। 7 करोड़ डॉलर राज्यों को दिए जाएंगे। अभी जुर्माना राशि सेटल करने संबंधी फैसले पर कोर्ट की आखिरी मुहर लगनी बाकी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, Google पर आरोप लगाया गया था कि वह प्ले स्टोर इस्तेमाल कर रहे अपने ग्राहकों से ऐप यूज करने का ज्यादा पैसा वसूल रहा है। अवैध तरीके से इस्तेमाल पर पाबंदियां लगा रहा है। ऐप के डिस्ट्रिब्यूशन में भी भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है। इसके लिए Google को कोर्ट ने फटकार लगाई और जुर्माना जल्द से जल्द भरने के आदेश दिए, ताकि ग्राहकों को न्याय मिले।
भारत ने भी Google पर एंड्रॉइड की मजबूत स्थिति का गलत फायदा उठाने का आरोप लगाया है। इसके लिए भारत में भी Google पर 1337 करोड़ का जुर्माना लगा है। प्रतिस्पर्धा आयोग ने जुर्माना लगाया है, जिसके खिलाफ Google ने NCLAT में अपील की, लेकिन वहां भी जुर्माना लगाने के फैसले को सही बताया गया। अब भारत में Google का यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और अंतिम आदेशों का इंतजार किया जा रहा है।