120 वाहन की हुई नीलामी, आम लोगों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
बलौदाबाजार। जिला बलौदाबाजार- भाटापारा के विभिन्न थाना एवं चौकी में आबकारी एक्ट एवं छ.ग.पशु परिरक्षण अधिनियम में जब्त वाहनों का माननीय न्यायालय द्वारा आदेश होने उपरांत शासन के पक्ष में राजसात करने के लिए आदेशित किया गया था।
कलेक्टर चंदन कुमार के आदेशानुसार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन में राजसात वाहनों की नीलामी के लिए विधिवत विज्ञापन जारी किया गया तथा उक्त नीलामी की सूचना बलौदाबाजार पुलिस फेसबुक सहित जिले के अन्य सोशल मीडिया माध्यम के माध्यम से भी प्रसारित की गई। जिसके लिए उक्त राजसात वाहनों की नीलामी प्रक्रिया का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित सिटी कोतवाली थाना परिसर में किया गया। नीलामी प्रक्रिया के लिए कलेक्टर द्वारा अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। साथ ही उक्त राजसात किए गए सभी वाहनों को आम लोगों के देखने के लिए पुलिस लाइन बलौदाबाजार परिसर में रखा गया था।
जिले में इस प्रकार वाहनों की नीलामी प्रक्रिया पहली बार आयोजित की जा रही थी। राजसात किए गए वाहन बहुत ही अच्छी कंडीशन में एवं नए थे। आबकारी एक्ट के मामलों में कई वाहन सोल्ड व कुछ किमी.चले हुये थे, जिसे विधिवत कार्यवाही एवं जप्ती कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। इस प्रकार बहुत ही अच्छी स्थिति में दोपहिया एवं चार पहिया वाहन नीलामी के रूप में आमजनों के समक्ष प्रस्तुत हुए। जिसे लेने के लिए लोगों में एक प्रकार से होड़ लग गई थी।
नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आम जनों के लिए दो पहिया वाहन हेतु 1 हजार रुपए व चार पहिया वाहन के लिए 2 हजार रुपए का डिमांड ड्राफ्ट की अनिवार्यता रखी गई थी। जिला परिवहन अधिकारी भूपेंद्र कुमार गावड़े, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र लुइस लकड़ा, लोक निर्माण विभाग विष्णु राम सूर्यवंशी व उषा ठाकुर रक्षित निरीक्षक बलौदाबाजार की 4 सदस्यीय कमेटी का गठन कर नीलामी प्रक्रिया की गई।
