राजस्थान : सरकार का बड़ा ऐलान, अब 450 रुपये में मिलेगा सिलेंडर, जाने कब से मिलेगा
राजस्थान में बीजेपी सरकार बनते ही सस्ता सिलेंडर देने का ऐलान किया गया है. सीएम भजनलाल शर्मा ने बुधवार को इसकी घोषणा की. सीएम भजनलाल ने ऐलान किया कि उज्ज्वला योजना के तहत महिला लाभार्थियों को 450 रुपये में सिलेंडर दिया जाएगा. इसकी शुरुआत 1 जनवरी से होगी. सस्ते सिलेंडर की इस योजना से बीपीएल कार्डधारकों को भी फायदा होगा. विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने 450 रुपये में सस्ता सिलेंडर देने का वादा किया था. इसे घोषणापत्र में भी शामिल किया गया था. नई सरकार ने इसे अपने 100 दिन के संकल्प में शामिल किया है. अब इस घोषणा पर अमल हो गया है.
हालांकि, पहले केंद्र सरकार सस्ता सिलेंडर न मुहैया कराने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साध रही थी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने टोंक जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लेते हुए यह घोषणा की. बता दें कि राजस्थान में भी गहलोत सरकार ने सस्ता सिलेंडर देने की योजना शुरू की थी. 1 अप्रैल 2023 से लागू हुई इस योजना के तहत 500 रुपये में सिलेंडर दिया जाता था.
अब नई सरकार ने इसकी कीमत में 50 रुपये और कटौती करने का ऐलान किया है. यानी, राजस्थान में उज्ज्वला और बीपीएल कनेक्शन चलाने वाले लाभार्थियों को 1 जनवरी 2023 से सिर्फ 450 रुपये में सिलेंडर मिल सकेगा। राजस्थान सरकार को केंद्र सरकार की 300 रुपये की सब्सिडी के अलावा 156 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी देनी होगी।
आम जनता को फिलहाल गैस सिलेंडर 906 रुपये में मिलता है. केंद्र सरकार की ओर से उज्ज्वला योजना के तहत 300 रुपये की सब्सिडी दी जाती है. बताया जा रहा है कि राजस्थान की बीजेपी सरकार के इस फैसले के बाद 52 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ आएगा. जानकारी के मुताबिक, राज्य में फिलहाल करीब 70 लाख उज्ज्वला और बीपीएल लाभार्थी हैं.