शराबबंदी के वादे से मुकर रही है भाजपा सरकार: देवेंद्र नगर साईं मंदिर के पास शराब दुकान खोलने के विरोध में कांग्रेस नेता मनहरण वर्मा ने सौंपा ज्ञापन

ज़ोहेब खान………रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार द्वारा चुनाव से पूर्व किए गए पूर्ण शराबबंदी के वादे पर अमल न किए जाने को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। राजधानी रायपुर में 67 नई शराब दुकानों को खोलने की तैयारी की जा रही है, जिसमें देवेंद्र नगर स्थित साईं मंदिर के समीप प्रस्तावित दुकान को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं जनपद सदस्य मनहरण वर्मा ने इस निर्णय का कड़ा विरोध करते हुए आज संबंधित विभाग को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में राज्य में पूर्ण शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद न केवल इस वादे को नजरअंदाज किया गया, बल्कि अब शराब दुकानों की संख्या में वृद्धि की जा रही है।
जमीन के नीचे दफन था ‘कैश का खज़ाना’ — जब पुलिस ने गड्ढा खोदा तो निकल आई करोड़ों की गड्डियां!
वर्मा ने कहा कि देवेंद्र नगर एक प्रमुख आवासीय एवं धार्मिक क्षेत्र है, जहां साईं मंदिर, कार्यालय कॉलोनी और अस्पताल स्थित हैं। ऐसे स्थान पर शराब दुकान खोले जाने से आम नागरिकों की धार्मिक भावनाएं आहत होंगी और सामाजिक परिवेश पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस स्थान पर शराब दुकान खोली जाती है, तो युवा कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करेगी और जब तक दुकान हटाई नहीं जाती, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस स्थिति की समस्त जवाबदारी राज्य सरकार और आबकारी विभाग की होगी।