खास खबरछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की दो दिवसीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और नवाचार पर विशेष जोर – अध्यक्ष अनुराग सिंह देव

ज़ोहेब खान……रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव की अध्यक्षता में मंडल मुख्यालय में 21 एवं 22 मई को दो दिवसीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण (आईएएस) सहित प्रशासनिक, तकनीकी, लेखा, वास्तुविद एवं संपदा शाखा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। रायपुर, नवा रायपुर, जगदलपुर, दुर्ग, बिलासपुर और अंबिकापुर से जुड़े अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की योजनाओं का प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक का उद्देश्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, प्रशासनिक कार्यों की दक्षता का मूल्यांकन और आगामी योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु दिशा-निर्देश तय करना था।

अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूर्ण की जाएं और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। इसके लिए नियमित निरीक्षण, मापन एवं परीक्षण की सशक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी आवासीय योजनाओं का डिज़ाइन आमजन की “एक घर के लिए” भावना के अनुरूप तैयार हो। भवनों के एलिवेशन और रंग संयोजन आकर्षक हों। खिड़की-दरवाजों के फ्रेम में ग्रेनाइट या कोटा स्टोन का उपयोग हो ताकि उनकी मजबूती बनी रहे। साथ ही दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सभी रैम्प में स्टील की रेलिंग लगाई जाए। यह सभी प्रावधान योजनाओं की एनआईटी में सम्मिलित करने के निर्देश दिए गए।

अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जन आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए यथासंभव वास्तु के अनुसार भवनों की डिज़ाइनिंग की जाए। उन्होंने आगामी तीन से चार माह में आवासीय योजनाओं हेतु भूमि चिह्नित कर आबंटन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा ऋतु से पूर्व सभी कॉलोनियों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने, सोलर एनर्जी के उपयोग की योजना तैयार करने और कॉलोनियों में बॉक्स क्रिकेट जैसे नवाचारों को शामिल करने की बात कही।

बैठक में विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अध्यक्ष श्री देव ने मंडल की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी व जनोन्मुखी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button