ज़ोहेब खान……..रायपुर। थाना पुरानी बस्ती, रायपुर में पत्रकारों पर हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देशन, एएसपी पश्चिम दौलत राम पोर्ते, एएसपी शहर लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन के पर्यवेक्षण में की गई।

घटना 12 जून 2025 को शाम लगभग 5:45 बजे की है, जब पत्रकार गायत्री सिंह एवं कैमरामैन प्रीतेश बंजारे साईं विला, भाटागांव स्थित वीरेंद्र सिंह तोमर के निवास के पास कवरेज कर रहे थे। तभी दिल्ली निवासी संगीता सिंह, भोपाल निवासी प्रभंजन सिंह टैक्सी से पहुंचे और पत्रकारों को जातिगत गालियाँ देते हुए उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने कैमरा और मोबाइल फोन को जमीन पर पटक कर तोड़ दिया और उसे घर के अंदर ले गए। इस दौरान तोमर की पत्नी शुभ्रा सिंह उर्फ नेहा तोमर भी बाहर आईं और उन्होंने भी गाली-गलौज की।
घटना की रिपोर्ट थाना पुरानी बस्ती में दर्ज की गई। रिपोर्ट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों – संगीता सिंह, प्रभंजन सिंह और शुभ्रा सिंह उर्फ नेहा तोमर को 13 जून 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 296, 115(2), 351(2), 304(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य एकत्र कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
Back to top button