खबर No1………रायपुर। राजधानी रायपुर की जानी-मानी होटल महाराजा, जिस पर शहरवासी आंख मूंदकर विश्वास करते आए हैं, उस पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मंगलवार को होटल से खरीदे गए नाश्ते में खराबी के कारण एक चार वर्षीय बच्चे की तबीयत बिगड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के एक निवासी ने आज शाम अपने परिवार के लिए महाराजा होटल से गर्म मूंग बड़ा और ढोकला खरीदा। घर पहुंचने के बाद जैसे ही चार साल के मासूम ने मूंग बड़ा खाया, उसे उल्टी होने लगी। बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर जब परिवार के अन्य सदस्यों ने नाश्ता चखा, तो उन्हें भी स्वाद में बासीपन का अनुभव हुआ।
परिवार के मुखिया ने जब तत्काल होटल पहुंचकर इस बारे में शिकायत की, तो होटल कर्मियों ने न केवल अपनी गलती स्वीकारने से इनकार किया बल्कि उल्टे शिकायत करने वाले व्यक्ति से अभद्र व्यवहार किया और बात को टालने की कोशिश की। इस रवैये से आहत ग्राहक ने अब मूंग बड़े का सैंपल जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रसिद्ध होने के बावजूद अगर होटल में इस प्रकार की लापरवाही बरती जाती है और शिकायत पर जवाबदेही के बजाय अपमानजनक व्यवहार होता है, तो यह उपभोक्ताओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी रसूख और संबंधों के चलते ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।
जनता की सेहत से कोई समझौता नहीं होना चाहिए, विशेषकर उन प्रतिष्ठानों में, जिन पर लोग वर्षों से भरोसा करते आए हैं।
Back to top button