खेल-मनोरंजन

भारत में होगा 2026 बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन, नई दिल्ली बनेगा मेज़बान

नई दिल्ली । भारत को एक बार फिर बैडमिंटन की दुनिया में बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का आयोजन नई दिल्ली में किया जाएगा। इसका ऐलान पेरिस में चल रही मौजूदा विश्व चैंपियनशिप के समापन समारोह के दौरान किया गया।

इस मौके पर भारत के स्टार डबल्स जोड़ीदार

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने कांस्य पदक जीता, जो उनकी विश्व चैंपियनशिप में दूसरी पदक उपलब्धि है। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव संजय मिश्रा ने कहा, “हम बीडब्ल्यूएफ का आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने भारत को यह मेज़बानी सौंपी। हम भरोसा दिलाते हैं कि भारत भी पेरिस की तरह उत्कृष्टता और भव्यता के उसी स्तर को आगे बढ़ाएगा। हम पूरी बैडमिंटन फैमिली का दिल्ली में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।”

भारत का विश्व चैंपियनशिप में प्रदर्शन

अब तक भारत ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में 15 पदक जीते हैं। इनमें से पांच पदक अकेले पीवी सिंधु ने जीते हैं— 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य। ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल ने 2 कांस्य पदक हासिल किए। किदांबी श्रीकांत ने 2021 में रजत जीता, जबकि साई प्रणीत, लक्ष्‍य सेन और एचएस प्रणय ने हाल के वर्षों में कांस्य पदक दिलाए।

भारत के लिए इस प्रतियोगिता का पहला पदक 1983 में प्रकाश पादुकोण ने कोपेनहेगन में कांस्य जीतकर खोला था। वहीं, ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने 2011 में महिला युगल वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button