छत्तीसगढ़

नारायणपुर जिले में 16 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

नारायणपुर । छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान एवं अति संवेदनशील नक्सलग्रस्त इलाकाें में लगातार कैम्प स्थापित होने से पुलिस के बढ़ते प्रभाव के कारण गुरुवार को नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुड़िया के समक्ष 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन सभी नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। साथ ही इन नक्सलियों को छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत मिलने वाली सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।

बस्तर आईजी सुन्दरराज पी. ने कहा कि वर्ष 2025 में नक्सली संगठनों के शीर्ष नेतृत्व को सुरक्षा बलों द्वारा भारी क्षति पहुंचाई गई है। प्रतिबंधित एवं गैर कानूनी सीपीआई नक्सली संगठन के पास अब हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करने के अलावा और कोई विकल्प नही बचा है। उन्हाेने नक्सली संगठन से अपील करते हुए कहा कि वे तत्काल हिंसात्मक गतिविधियों को छोड़कर शासन की आत्मसमर्पण पुर्नवास नीति अपनाते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़ें।

नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियाें में जनताना सरकार सदस्य (सीएनएम अध्यक्ष), पंचायत मिलिसिया डिप्टी कमांडर, पंचायत सरकार सदस्य, पंचायत मिलिसिया सदस्य और न्याय शाखा अध्यक्ष सहित 16 नक्सली हैं। ये नक्सलियों के लिए राशन और मेडिसन जैसे मूलभूत सामग्री उपलब्ध कराने का काम अवैतनिक तरीके से करते हैं तथा कतिपय मामलों में नक्सलियों के हथियार और सामग्रियों का परिवहन करते हैं तथा आईईडी लगाने, फोर्स मूवमेंट की सूचना देने और फोर्स की रेकी करने जैसे कार्य प्रमुखता से करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button