दुर्ग

दुर्ग में नकली GOLD FLAKE सिगरेट का बड़ा खुलासा, 18 हजार सिगरेट जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार

ITC ब्रांड की हूबहू पैकिंग में नकली सिगरेट बेचने का आरोप, ₹2.07 लाख का माल बरामद

ज़ोहेब खान……रायपुर। दुर्ग शहर के इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में नकली GOLD FLAKE PREMIUM सिगरेट बेचने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ITC Limited के GOLD FLAKE PREMIUM ब्रांड के नाम से तैयार 18,000 नकली सिगरेट और संबंधित पैकेजिंग सामग्री बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹2.07 लाख बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को ITC Limited के अधिकृत प्रतिनिधि ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह Private Eye Intellectual Property Right Solutions में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत है और ITC Limited के उत्पादों की नकल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिकृत है।

 

शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में जांच की। जांच के दौरान GOLD FLAKE PREMIUM ब्रांड के नाम, पैकेजिंग और पहचान से मिलते-जुलते नकली सिगरेट उत्पाद मिलने पर पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया।

 

 

18 हजार सिगरेट बरामद

पुलिस ने कुल 18,000 सिगरेट जब्त की। इनमें 12,000 सिगरेट की कीमत ₹1.38 लाख और 6,000 सिगरेट की कीमत ₹69 हजार बताई गई है। इस तरह जब्त माल की कुल कीमत ₹2,07,000 है। उत्पादों के पैकेट पर MRP ₹115 और QR नंबर भी अंकित पाया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने विशाल जसवानी (36) निवासी गुरूनानक नगर, दुर्ग और निखिल सिहानी (29) निवासी सदानी नगर, सिंधी कॉलोनी, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी कथित तौर पर निजी आर्थिक लाभ के लिए वास्तविक उत्पाद से मिलती-जुलती पैकिंग और ब्रांड नाम वाले नकली सिगरेट उत्पादों का विक्रय कर रहे थे। इससे उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा होने के साथ कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका थी।

थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 440/2026 दर्ज कर BNS की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 63 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी ब्रांड के नकली या संदिग्ध उत्पादों की बिक्री अथवा भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने उपभोक्ताओं से भी उत्पाद खरीदते समय पैकेजिंग और उसकी प्रामाणिकता की जांच करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button