खास खबर

खरोरा में लोहा चोरों की चांदी या सोना! कबाड़ यार्ड में कथित चोरी, थाने में पैसा पहुंचने के दावे से पुलिस की भूमिका पर सवाल

सबसे बड़ा सवाल – चोरों को पुलिस का खौफ नहीं या फिर खाकी के संरक्षण का भरोसा? आधे घंटे बाद पहुंची PCR, तब तक गाड़ी माल उतारकर फरार!

ज़ोहेब खान………रायपुर। छत्तीसगढ़ में कबाड़ कारोबार की आड़ में कथित अवैध गतिविधियों का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब खरोरा थाना क्षेत्र में सामने आए एक मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली और कथित सांठगांठ को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि आखिर कबाड़ कारोबारियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं कि पत्रकारों के सामने ही थाने में पैसा देने का दावा किया जा रहा है?

 

रायपुर-बलौदाबाजार रोड पर खरोरा थाना क्षेत्र में थाने से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर गुरु कृपा ढाबे के पास स्थित एक कबाड़ी यार्ड में फैक्ट्री से निकलने वाले लोहे के तारों की कथित चोरी का मामला सामने आया है।

 

मौके पर पहुंची खबर no1 न्यूज़ की टीम जब पूरे मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रही थी, तभी यार्ड से निकले एक व्यक्ति ने खुद को यार्ड का मालिक बताते हुए पत्रकारों को खबर बनाने से रोकने की कोशिश की। जब पत्रकारों ने थाने में सूचना देने की बात कही, तो कथित मालिक ने बेखौफ अंदाज में कहा कि थाने में फोन कर लीजिए, वह थाने में पैसा देता है।

 

अब सवाल यह है कि आखिर किसके दम पर इस तरह का दावा किया जा रहा था? क्या यह महज दबंगई दिखाने का तरीका था या फिर इसके पीछे कोई ऐसी सच्चाई है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है?

थाने को सूचना, फिर भी आधे घंटे तक पुलिस नदारद!

मामले की जानकारी खरोरा थाने को फोन के माध्यम से दी गई। लेकिन पुलिस की ओर से पत्रकारों को 112 पर कॉल करने की सलाह दी गई। पत्रकारों ने जब बताया कि घटनास्थल थाने से महज 5 मिनट की दूरी पर है और तत्काल पुलिस वाहन भेजा जा सकता है, तब पीसीआर वाहन भेजने की बात कही गई।

लेकिन हैरानी की बात यह रही कि पीसीआर वाहन को मौके पर पहुंचने में आधे घंटे से अधिक समय लग गया। इस दौरान कथित तौर पर लोहा लेकर पहुंची गाड़ी अपना माल उतारकर मौके से रवाना हो चुकी थी।

अब सवाल उठता है कि जब पुलिस को समय रहते सूचना मिल गई थी, तो मौके पर पहुंचने में इतनी देरी क्यों हुई? क्या समय पर पुलिस पहुंचती तो संबंधित वाहन और उसमें लाए गए लोहे की जांच संभव नहीं थी?

लोहा चोरी का खेल या पुलिस की निगरानी पर बड़ा सवाल?

खरोरा थाना क्षेत्र में सामने आए इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

कबाड़ी यार्ड में लाए जा रहे लोहे का स्रोत क्या था?

क्या लोहे से संबंधित वैध खरीद-बिक्री के दस्तावेज मौजूद हैं?

यार्ड संचालक द्वारा थाने में पैसा देने का दावा किस आधार पर किया गया?

पुलिस को सूचना मिलने के बावजूद पीसीआर वाहन पहुंचने में आधे घंटे से अधिक समय क्यों लगा?

क्या इस पूरे मामले में किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध है? यदि नहीं, तो जांच के जरिए स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की जाती?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर किसी कबाड़ी यार्ड का संचालक खुलेआम थाने में पैसा देने की बात कह रहा है, तो क्या पुलिस प्रशासन इस बयान को गंभीरता से लेकर जांच करेगा या मामला भी दूसरे मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

खबर no1 न्यूज़ की प्रशासन से मांग

खबर no1 न्यूज़ शासन, पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग करता है कि:

संबंधित कबाड़ी यार्ड में मौजूद लोहे के स्रोत और खरीद-बिक्री के दस्तावेजों की जांच हो।

कथित चोरी में इस्तेमाल वाहन की पहचान कर उसकी भूमिका की जांच की जाए।

थाने में पैसा देने का दावा करने वाले व्यक्ति से पूछताछ हो।

सूचना मिलने के बाद पीसीआर वाहन पहुंचने में हुई देरी की जांच की जाए।

यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

आखिर खरोरा में कानून का राज चलेगा या कबाड़ के कारोबार में कथित रसूख का? लोहा चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी या फिर सवाल पूछने वाले पत्रकारों को ही रोकने की कोशिश होती रहेगी?

अब देखना यह है कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button