खेल मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए आवश्यकः राज्यपाल उइके
रायपुर, 26 दिसम्बर 2022/ राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके विगत दिवस सुभाष स्टेडियम रायपुर में श्री रायपुर पुष्टिकर समाज ट्रस्ट द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता ‘‘पुष्करणा प्रीमियर लीग’’ के समापन कार्यक्रम में शामिल हुईं।
राज्यपाल सुश्री उइके ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समिति के समस्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई दी। राज्यपाल ने खेल में भागीदारी और खेलने के हौसले को, हार जीत से बड़ा बताते हुए खुशी व्यक्त की कि सभी खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा एवं टीम भावना का अच्छा प्रदर्शन किया।
उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी 6 टीमों का छत्तीसगढ़ में हार्दिक अभिवादन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस तरह के आयोजन रायपुर में होते रहेंगे और आगे भी इसी उत्साह के साथ खिलाड़ी छत्तीसगढ़ में खेलने आते रहेंगे।
राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल के प्रति बढ़ती रूचि एवं लगातार प्रतिस्पर्धा के आयोजन से अच्छे खिलाड़ी निकलकर आ रहे हैं। खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को संवारने में ऐसी प्रतिस्पर्धाएं मील का पत्थर साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों का बेहतर प्रदर्शन उन्हें गौरवान्वित करता है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने खेल को शासन की प्राथमिकताओं में शामिल किया है। खेल के लिए अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ खिलाड़ियों को सभी उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। खेलो इंडिया की पहल से पिछले कुछ वर्षों में भारतीय युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए एक नया मंच मिला है। खेल और खिलाड़ियों के हित में लिए गए निर्णयों के कारण ही पिछले कुछ वर्षों में भारत के अनेकों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतिस्पर्धाओं में सफलता हासिल की है।
