छत्तीसगढ़ प्रदेश

बड़े बदलाव के बाद ही अब भाजपा की दूसरी सूची का हाेगा ऐलान

रायपुर.  छत्तीसगढ़ में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की दूसरी सूची का ऐलान अब वायरल सूची में बड़े बदलाव के बाद ही संभव हाेगा। क्या बदलाव किया जाएगा इसकाे लेकर राष्ट्रीय संगठन ने कवायद भी प्रारंभ कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और संगठन महामंत्री पवन साय के साथ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर की एक बैठक हाे चुकी है। अब राष्ट्रीय नेताओं से चर्चा के बाद सूची में फेरबदल करके सूची जारी की जाएगी.

मप्र में दूसरी सूची का ऐलान केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के 11 दिन बाद किया गया था। केंद्रीय चुनाव समिति की एक अक्टूबर को हुई बैठक के बाद दूसरे दिन से ही बाजार में एक सूची चल रही है। अब संभावना है कि इस सूची में कुछ फेरबदल हो सकता है। अभी कांग्रेस की पहली सूची भी जारी नहीं हो सकी है। भाजपा कांग्रेस की पहली सूची से पहले अपनी दूसरी सूची जारी करने की तैयारी में है।

17 अगस्त काे आई थी पहली सूची 

भाजपा ने इस साल के अंत में पांच राज्यों में होने वाले चुनाव को लेकर पहली बार आचार संहिता लगने से पहले मप्र और छत्तीसगढ़ के प्रत्याशियों की पहली सूची का ऐलान 17 अगस्त को कर दिया। इसके बाद से ही दूसरी सूची को लेकर कवायद चल रही है। मप्र की दूसरी सूची को लेकर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 13 सितंबर को दिल्ली में हुई थी। इस बैठक के 11 दिनों के बाद दूसरी सूची का ऐलान किया गया। इस सूची के आने के बाद से छत्तीसगढ़ की दूसरी सूची को लेकर कहा जा रहा था कि छत्तीसगढ़ की भी दूसरी सूची जल्द आ सकती है, लेकिन छत्तीसगढ़ की केंद्रीय चुनाव समिति के साथ बैठक न हो पाने के कारण यह सूची जारी नहीं हो रही थी।
एक को हुए थे नाम फाइनल
छत्तीसगढ़ के भाजपा पदाधिकारियों की केंद्रीय चुनाव समिति के साथ एक अक्टूबर को बची 69 सीटों पर मंथन करने के लिए बैठक हुई। इस बैठक में दो सीटों को छोड़कर बाकी सीटों पर नाम फाइनल कर लिए गए हैं। ऐसे में संभावना थी कि दूसरी सूची एक-दो दिनों आ जाएगी। इस बीच एक सूची बाजार में आ गई।
कांग्रेस की पहली सूची भी नहीं आई
कांग्रेस की अब तक पहली सूची भी नहीं आ सकी है। इसको लेकर कवायद चल रही है। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में 90 सीटों को लेकर मंथन हो गया है। केंद्रीय चुनाव के पास कुछ सीटों के सिंगल नाम भेजे गए हैं। पहली सूची में इनमें से कुछ सीटों पर ऐलान होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button