शीतकालीन सत्र कल से, केवल प्रवेश पत्र धारी ही करेंगे प्रवेश
रायपुर। चार दिन पहले लोकसभा सदन में युवकों के कूदकर धमाचौकड़ी मचाने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य विधानसभा प्रशासन ने भी सुरक्षा कड़ी कर दी है। सत्र अवधि के दौरान केवल प्रवेश पत्र धारी लोगों को ही विधान सभा परिसर में प्रवेश की पात्रता रहेगी। प्रवेश पत्र धारी व्यक्तियों को अपने संस्थान का परिचय पत्र या आधार कार्ड रखना आनिवार्य होगा। छठवीं विधानसभा का प्रथम शीतकालीन सत्र मंगलवार से शुरू हो रहा है। सत्र के प्रथम दिवस सभा में विधायक शपथ ग्रहण करेंगे। 20 दिसम्बर को पूर्वान्ह 11 बजे राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंद का अभिभाषण होगा।
विधान सभा परिसर एवं सभी दीर्घाओं में सुरक्षा कर्मियों द्वारा कड़ी नजर रखी जायेगी। केवल विधायकों को ही वीआईपी गेट तक जाने की अनुमति होगी। विधायकों के साथ आये कार्यकर्ता एवं उनके परिजनों के लिए विधान सभा परिसर स्थित प्रेक्षागृह में बड़ी की स्क्रीन लगाकर सदन की सीधी कार्यवाही देखने की व्यवस्था की गयी हैं। उनका प्रवेश गेट क्रमांक-1 से होगा। नवनिर्वाचित सदस्यों के स्वागत में विधान सभा परिसर को फूल मालाओं एवं रंगोली से सजाया जा रहा है। बरौंडा चौक का नये तरीके से सौन्दर्गीकरण और विधान सभा परिसर को लोककला एवं लोक संस्कृति युक्त पेंटिंग से सजाया जा रहा है।
