ज़ोहेब खान……..रायपुर। राष्ट्रीय फेंसिंग प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली दिवंगत खिलाड़ी सुश्री भारती साहू के आकस्मिक निधन पर छत्तीसगढ़ प्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी शोक संतप्त परिजनों से मिलने पहुंचे। भारती साहू के निवास पर पहुंचे संघ के प्रतिनिधियों ने उनके पिता, मां, भाई एवं पति से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान संघ की ओर से ₹25,000 की आर्थिक सहायता का चेक भारती के पिता को सौंपा गया। साथ ही यह आश्वासन भी दिया गया कि भविष्य में परिवार को किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हुई, तो प्रदेश फेंसिंग संघ हर संभव मदद के लिए तत्पर रहेगा।
भारती साहू ने अपने खेल जीवन में कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने केरल में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक और हाल ही में संपन्न नेशनल गेम्स में भी राज्य के लिए कांस्य पदक जीतकर गौरव बढ़ाया था। उनके असमय निधन से खेल जगत ने एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को खो दिया है।
फेंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री एस. प्रकाश (आईएएस) और महासचिव श्री बशीर अहमद खान ने दिवंगत खिलाड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित की एवं परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
परिजनों से मुलाकात के दौरान श्री अजीत सिंह पटेल (अपर आयुक्त, हाउसिंग बोर्ड), वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री निखिल जामभूलकर, श्री अखिलेश दुबे, श्री अमित डोडवानी तथा कोच श्री जॉनसन सोलोमन भी उपस्थित रहे।
Back to top button