Khabar No1……..रायपुर। राजधानी रायपुर में मितानिन के घर संदिग्ध बम जैसी सामग्री छोड़कर फरार हुए आरोपी को खमतराई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कई दिनों से लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे भनपुरी रिंग रोड नंबर-2 इलाके से धर दबोचा।

पुलिस के मुताबिक आरोपी विनय कुमार देवांगन ने बीरगांव प्रगति चौक स्थित पुष्पा साहू के घर 6 मई की रात एक काला हैंडबैग छोड़ दिया था। उसने कहा था कि सुबह आकर बैग ले जाएगा, लेकिन अगले दिन सुबह तक नहीं पहुंचा। शक होने पर जब बैग खोला गया तो अंदर बम जैसी सामग्री और एयर पिस्टल देखकर इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस, BDS टीम और बैलिस्टिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। जांच में बैग से 3 बम नुमा बोतलें, वायर, बैटरी, IED मैकेनिज्म, मोबाइल चिप, फिलामेंट, एयर पिस्टल और अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुआ। विस्फोटक पदार्थ होने की पुष्टि के बाद टीम ने सुरक्षित तरीके से बम को डिफ्यूज किया।
मामले में थाना खमतराई में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी लगातार जगह बदल रहा था। आखिरकार तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पारिवारिक तनाव से परेशान था और खुद को बम से उड़ाकर आत्महत्या करने की नीयत से विस्फोटक तैयार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अतिरिक्त बैटरी, फटाका ज्वाइंटर, वायर सहित घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल CG 04 MK 2712 भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कुमार देवांगन (49 वर्ष) निवासी मलौद देवांगन पारा, सिलयारी, हाल पता त्रिमूर्ति नगर बीरगांव के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Back to top button