खास खबरछत्तीसगढ़

गरीबों का निवाला लूटने का खेल: रायपुर में NAN चावल का महाघोटाला, राशन दुकानों की बजाय राइस मिलों में भेजा जा रहा सरकारी चावल

नरेंद्र बंजारे……..रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गरीबों के हक पर सुनियोजित लूट का एक और बड़ा मामला सामने आया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत गरीब और जरूरतमंद राशनकार्डधारकों के लिए निर्धारित नान (NAN) का सरकारी चावल, राशन दुकानों तक पहुँचने के बजाय सीधे राइस मिलों में खपाया जा रहा है। यह खुलासा प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

 

इस गंभीर घोटाले को लेकर युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव फहीम शेख और उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवाज खान ने संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि नान के जिम्मेदार अधिकारी, परिवहन ठेकेदार और राइस मिल संचालक आपसी मिलीभगत से गरीबों के निवाले पर डाका डाल रहे हैं। नेताओं ने कहा कि यह केवल भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि सामाजिक अपराध है, जिसमें सबसे कमजोर वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है।

युवा कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, सभी दोषियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज हो, घोटाले में शामिल राइस मिलों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द किए जाएं, और सरकारी चावल को बिना देरी के राशन दुकानों के माध्यम से आम जनता तक पहुँचाया जाए।

फहीम शेख और नवाज खान ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर घोटाले पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो युवा कांग्रेस सड़क से सदन तक निर्णायक और उग्र आंदोलन शुरू करेगी। इसकी संपूर्ण नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से पंकज कुशवाहा, मोहम्मद आरिफ, आसिफ खान, जगदीश विश्वकर्मा, नवदीप रंगारे, शुभम, अखिल बागड़े, अक्षय, अभिनव साहू, कयामुद्दीन, धनंजय और गौरव शामिल थे।

जारीकर्ता:
फहीम शेख, प्रदेश सचिव, युवा कांग्रेस
नवाज खान, अध्यक्ष, उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button