छत्तीसगढ़ प्रदेश

रमन बोले- मोदी की गारंटी पर छत्तीसगढ़ की जनता जता रही भराेसा

रायपुर. प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का कहना है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छत्तीसगढ़ को दी गई गारंटी पर प्रदेश की जनता भरोसा जता रही है, इसका बड़ा सबूत पहले चरण के चुनाव में मिला है। उनका कहना है, कांग्रेस ने राजनांदगांव के साथ कवर्धा में वोटों के लिए भारी मात्रा में नोट बांटने का काम किया है। यह सब पैसा महादेव एप से की गई अवैध कमाई का है। कांग्रेस के नोट बांटने के बाद भी उन्होंने राजनांदगांव से इस बार रिकॉर्ड मतों से भी जीतने का दावा किया है।

डॉ. रमन ने कहा, मोदी जी ने जो गारंटी दी है, उस पर प्रदेश की जनता को भरोसा है। इसी गारंटी पर पहले चरण के चुनाव में मतदान किया गया है। आने वाले 17 नवंबर को दूसरे चरण के मतदान में भी मोदी की गारंटी पर मतदान होगा। उन्होंने कहा, हर विवाहित महिला को जो 12 हजार रुपए हर साल देने का वादा किया गया है, उसका भी असर पहले चरण में दिखा है। डा. रमन ने कहा, हमारी सरकार बनते ही 25 दिसंबर को किसानों को दो साल का बकाया बोनस दे दिया जाएगा। इसी के साथ जो भी वादे घोषणापत्र में किए गए हैं, सब पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा, इसमें संदेह नहीं है कि स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बन रही है। डॉ. रमन ने कहा, पहले चरण के चुनाव में ही जनता का आक्रोश भूपेश सरकार के खिलाफ भी देखने काे मिला है। चुनाव में शराब घोटाले से लेकर प्रदेश सरकार के कोयला, चावल, गोबर, गोठान सहित पीएससी घोटाले का असर देखने को मिला है। प्रदेश की जनता ने परिवर्तन करने का मन बना लिया है। पहले चरण की 20 सीटों पर जनता ने भारी संख्या में मतदान करके अपना आक्रोश भी जताया है।
लोगों की जेबों में ठूस-ठूस कर नोट भरे
डॉ. रमन ने आरोप लगाया, राजनांदगांव और कवर्धा में जीतने के लिए कांग्रेस ने लोगों की जेबों में ठूस-ठूस कर नोट भरे हैं। हमने नोट के लिए पैसे बांटते तो लोगों को जरूर देखा है, लेकिन लोगों की जेबों में नोटों को इस तरह से ठूस-ठूस कर भरते पहली बार देखा है। साफ समझ में आ रहा है कि किस तरह से महादेव एप से वसूले गए पैसों का उपयोग चुनाव में जीतने के लिए किया जा रहा है। डा. रमन ने कहा, चाहे जितनी भी कोशिश कर लें मैं चौथी बार के चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीतने वाला हूं। इस बार 35 हजार से ज्यादा मतों से जीत मिलेगी।
मुख्यमंत्री दें इस्तीफा
डा. रमन ने कहा, भूपेश बघेल हमेशा सबूत की बात करते हैं। महादेव एप के मालिक ने चीख-चीखकर बताया कि उसने मुख्यमंत्री तक 508 करोड़ रुपए पहुंचाए हैं। अब क्या भूपेश जी चाहते हैं कि उनको 508 करोड़ के साथ पकड़ा जाए तब मानेंगे कि यह सबूत है। डा. रमन ने कहा, मुख्यमंत्री को अब अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है, उनको इस्तीफा देना चाहिए। एक सवाल के जवाब में डा. रमन ने कहा, यह पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि जिनके नाम से वाहन बताया जा रहा है उन्होंने अपना वह वाहन 6 माह पहले ही बेच दिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button