अंडे का फंडा, ठंड में ज्यादा कीमत पर हाे रहा धंधा
रायपुर. ठंड की दस्तक के साथ ही अंडे का कीमत काे लेकर बड़ा फंडा सामने आया है। अंडे की कीमत अब लगातार बढ़ेगी,। इस समय इसकी कीमत थोक में 5.50 से 5.75 रुपये और चिल्हर में 6.50 रुपए हो गई है। इस साल तो गर्मी में भी अंडों की कीमत ने रिकॉर्ड तोड़ा था। आमतौर पर गर्मी में अंडे का भाव तीन से चार रुपए ही रहता है, लेकिन पहली बार थोक में जहां अंडा सवा पांच रुपए, और चिल्हर में छह रुपए तक बिका है। अब तो ठंड का समय। इस समय कीमत हमेशा ज्यादा हो जाती है। ठंड में खपत भी डबल हाे जाती है। पिछले साल अपने राज्य में ही रोज 60 लाख अंडों की खपत हो रही थी।
छत्तीसगढ़ का नाम भी ज्यादा अंडा उत्पादन करने वाले राज्यों में शामिल है। यही वजह है कि यहां से दूसरे राज्यों में रोज अंडे जाते हैं। यहां कई बड़े पोल्ट्री फार्म हैं। इनमें लाखों की संख्या में अंडों का उत्पादन रोज होता है। कोरोना काल में जब लॉकडाउन लगा था, तो पोल्ट्री फार्म वालों ही हालत खस्ता हो गई थी। यहां 20 करोड़ से ज्यादा अंडों को कोल्ड स्टोरेज में रखना पड़ा था। स्थिति अंडों को फेंकने की आ गई थी, लेकिन लॉक डाउन हटने के कारण राहत मिली थी। इसके बाद से लगातार अंडों का अच्छा उत्पादन हो रहा है और बाहर के राज्यों में अंडे जा रहे हैं।
रोज 70 लाख का उत्पादन
छत्तीसगढ़ में रोज 70 लाख के आस-पास अंडों का उत्पादन होता है। इसमें से 30 से 40 फीसदी दूसरे राज्यों में जाते हैं। इस समय भी उत्पादन पूरे शबाब पर है, क्योंकि ठंड में अंडों की खपत बढ़ जाती है। पिछले साल ठंड के समय में अपने राज्य में 70 लाख में से 60 लाख अंडों की खपत हुई थी। ऐसे में बाहर के राज्यों में कम अंडे भेजे जा रहे थे। इस बार भी खपत के लगातार बढ़ने की संभावना है। अंडों की खपत इस बार सावन में जरूर प्रभावित हुई थी, क्योंकि दो माह का सावन होने के कारण खपत आधी हो गई थी और इसका स्टॉक कोरोनाकाल की तरह कोल्ड स्टोरेज में करना पड़ा था।
कीमत आसमान पर
ठंड के सीजन में अंडों की कीमत में हमेशा तेजी आती है। इस बात तो प्रारंभ में ही कीमत आसमान पर चली गई है। इस समय पोल्ट्री फार्म में अंडों की कीमत जहां 5.20 रुपए है, वहीं थोक में यह 5.50 से 5.75 रुपए और चिल्हर में 6.50 रुपए में बिक रहा है। आने वाले समय में कीमत में और इजाफा होगा। संभव है इस बार कीमत का नया रिकाॅर्ड बन जाए। पोल्ट्री फार्म कारोबारियों के मुताबिक इस समय दाना-पानी भी महंगा हो गया है। जो मक्का पहले 14 से 15 रुपए किलो था, वह अब 22 से 24 रुपए हो गया है। इसी तरह से सोया 40 से 41 रुपए से बढ़कर 55 से 60 रुपए किलो हो गया है।