राज्यस्तरीय मुस्लिम परिचय सम्मेलन: निकाह को सरल और सुन्नत के मुताबिक बनाने की पहल

ज़ोहेब खान……..रायपुर। ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय मुस्लिम परिचय सम्मेलन 30 नवंबर को रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संपन्न होगा। यह सम्मेलन निकाह को आसान और इस्लामी शिक्षाओं के अनुरूप बनाने की एक अहम पहल है। इस कार्यक्रम में राज्यभर से युवा, तलाकशुदा, बेवा और बड़ी उम्र के लोग अपने लिए जीवनसाथी तलाशने आएंगे।
ज़रिया ए रिश्ता के राष्ट्रीय संरक्षक जनाब इरफान गुड्डू ने बताया कि इस्लाम में निकाह को खास महत्व दिया गया है और यह औरत की सहमति के आधार पर होता है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य निकाह प्रक्रिया को सरल बनाकर इसे सुन्नत के मुताबिक बनाना है।” यह सम्मेलन हर किसी को एक निष्पक्ष और भरोसेमंद मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपना जीवनसाथी चुन सकते हैं।
प्रदेश संरक्षक जनाब फैसल रिज़वी ने बताया कि यह आयोजन सेवा के उद्देश्य से किया जा रहा है, न कि व्यावसायिक लाभ के लिए। उन्होंने जानकारी दी कि ज़रिया ए रिश्ता के तहत 4000 से अधिक लड़कों और लड़कियों के बायोडेटा रजिस्टर्ड हैं। सम्मेलन में इनके रिश्ते जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष जनाब मोहम्मद सिराज ने कहा कि इस साल का आयोजन अधिक व्यापक और प्रभावी होगा। इस बार छत्तीसगढ़ के साथ मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र और राजस्थान से भी प्रतिभागी शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम का आयोजन ज़रिया ए रिश्ता और हमशीरा ग्रुप रायपुर के सहयोग से किया जा रहा है। हर साल इस मंच के जरिए हजारों लोग अपने लिए नए जीवनसाथी पाते हैं। इस साल यह आयोजन और भी भव्य होगा, जहां सभी समुदायों और उम्र वर्ग के लोगों को सम्मान और सुविधा के साथ भाग लेने का अवसर मिलेगा।