देश-विदेश

17 साल के एक लड़के की हत्या और महज 16 साल के कातिल की क्रूरता का खौफ

नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली के वेलकम इलाके में 17 साल के एक लड़के की हत्या और महज 16 साल के कातिल की क्रूरता ने सबको खौफजदा कर दिया है। मंगलवार रात यहां शराब के नशे में चूर नाबालिग लड़के ने 350 रुपए लूटने के लिए उम्र में अपने से बड़े लड़के का कत्ल कर डाला। उसने 60 से अधिक बार चाकू से गोदा और बीच-बीच में लाश के पास खड़े होकर नाचता रहा। कई लोगों ने उसे ऐसा करते हुए देखा लेकिन कोई भी रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सका। किसी ने कोशिश भी की तो उसने चाकू लेकर दौड़ा दिया।

बुधवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें वह क्रूरता की हदें पार करता दिख रहा है। हाथ में खून से सना चाकू लेकर वह लाश को खींचकर गली में लाता दिख रहा है। मर जाने के बाद भी वह कभी गला रेतता है तो कभी नाचता-उछलता है। चिल्लाते हुए अपनी करतूत का बखान करता है। उसके इस रूप ने आसपास के सभी लोगों को खौफजदा कर दिया था। नाबालिग होने की वजह से पुलिस ने उसकी पहचान उजागर नहीं की है।

गली नंबर 18, जहां इस घटना को अंजाम दिया गया, के निवासियों का कहना है कि घटना के बाद से वे बेहद डरे हुए हैं। इतने कम उम्र के लड़के को ऐसी हैवानियत करते देखकर लोग इतने डरे हुए हैं कि अधिकतर लोग उसके खिलाफ कुछ बोलतना तक नहीं चाहते। कुछ लोगों ने अपनी पहचान गुप्त रखने की अपील करते हुए घटना के बारे में जानकारी दी। 25 साल के एक निवासी ने कहा, ‘उसके हाथ खून से सने हुए थे। वह सिगरेट पी रहा था और चाकू लहरा रहा था। वह यहां वहां घूमते हुए नाच रहा था और बीच-बीच में चिल्लाता था- मैंने मार डाला। उसने बहुत शराब पी रखी थी।’

एक अन्य निवासी शबनम बेगम (45) ने कहा कि हत्या सबके सामने गली में हुई, लेकिन हर कोई इतना डरा हुआ था कि कोई कुछ कर नहीं पाया। उन्होंने कहा, ‘लोगों ने उसे अपने घर से उसे हत्या करते हुए देखा, लेकिन लोग बहुत डरे हुए थे और उसकी धमकी की वजह से कोई कुछ कर नहीं पाया। एक व्यक्ति ने मृतक को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन हमलावर चाकू लेकर उनके पीछे भी दौड़ा। वह किसी तरह जान बचाकर अपने घर तक भागने में कामयाब रहे।’ 65 साल के एक अन्य शख्स ने पहचान गोपनीय रखने की अपील करते हुए कहा, ‘हम अपने घर का दरवाजा बंद रखते हैं क्योंकि गली में अक्सर लड़के और नौजवान शराब पीते हैं और लोगों को धमकाते हैं। यदि हम उन्हें गेट के बाहर पीने से मना करते हैं तो वे रात को दरवाजा पीटकर हमें परेशान करते हैं।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button