खबर No1…….बलरामपुर। झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बलरामपुर जिले की एक युवती ने शादी के मात्र 36 दिन बाद अपने पति की हत्या कर दी। आरोपी पत्नी ने मुर्गा-भात में कीटनाशक मिलाकर पति को परोसा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक 22 वर्षीय बुधनाथ सिंह की शादी 11 मई 2025 को बलरामपुर जिले के ग्राम विशुनपुर निवासी सुनीता सिंह से हुई थी। लेकिन शादी के अगले ही दिन सुनीता ने पति को यह कहकर ठुकरा दिया कि वह उसे पसंद नहीं है, और मायके लौट गई। परिजनों और ग्राम पंचायत की मध्यस्थता के बाद सुनीता 5 जून को ससुराल वापस लौटी।
14 जून को सुनीता अपने पति के साथ बाजार गई और वहां से फसल में कीड़े मारने के बहाने कीटनाशक दवा खरीद लाई। उसी रात उसने मुर्गा-भात बनाया और उसमें ज़हर मिलाकर पति को परोस दिया। जहर सेवन के कुछ ही देर बाद बुधनाथ की हालत बिगड़ने लगी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद शुरू में सुनीता ने अपनी सास पर जहर देने का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस द्वारा की गई सघन पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, सुनीता ने बताया कि वह इस शादी से खुश नहीं थी और पति को पसंद नहीं करने के कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
यह घटना न केवल रिश्तों में बढ़ते असंतोष और अविश्वास को उजागर करती है, बल्कि समाज में तेजी से बदलते मानवीय मूल्यों पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।