खास खबररायपुर की खबर

केंद्रीय जेल रायपुर में कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताया हत्या का आरोप

ज़ोहेब खान………रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया है। परिजनों का आरोप है कि जेल प्रहरियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण कैदी की मौत हुई है। जबकि जेल प्रशासन ने इसे “हार्ट अटैक” बताकर मामला दबाने की कोशिश की है।

 

मृतक के परिजनों को जेल प्रशासन द्वारा आनन-फानन में सूचना दी गई कि उनके बेटे/भाई की हृदय गति रुकने से मौत हो गई है। शव को सीधे मेकाहारा अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जल्दबाज़ी में शुरू कर दी गई। परिजनों का कहना है कि शव पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं।

मृतक कैदी के परिवार का आरोप है कि मृतक को मुस्लिम होने और दाढ़ी रखने की वजह से पहले भी जेल प्रहरियों द्वारा प्रताड़ित किया जाता रहा था। मुलाकात के दौरान मृतक ने स्वयं यह बात अपने परिजनों को बताई थी। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक को सीने में दर्द और चोट की शिकायत थी, जिसकी जानकारी जेल प्रशासन को दी गई थी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली और न ही समय पर इलाज कराया गया।

घटना से आक्रोशित परिजन केंद्रीय जेल रायपुर के बाहर धरने पर बैठ गए हैं और जेल अधीक्षक से मुलाकात की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया जा रहा है। परिजनों के पास एक वीडियो भी है, जिसमें मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे हैं।

 

गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है जब रायपुर जेल में इस प्रकार की लापरवाही सामने आई हो। इससे पहले भी जेल में मौतें, कैदियों का फरार होना और जेल परिसर के बाहर गोलीबारी की घटनाएँ हो चुकी हैं। यह घटना जेल प्रशासन की लापरवाही और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button