शुभा सतीश और जेमिमा रॉड्रिग्स ने डेब्यू मैच में ठोके अर्धशतक, टीम इंडिया को संभाला
नई दिल्ली. इंग्लैंड के खिलाफ नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में जारी एकमात्र टेस्ट मैच में भारत के लिए तीन खिलाड़ियों ने डेब्यू किया। इनमें दो बल्लेबाज और एक गेंदबाज है। बल्लेबाज के तौर पर जेमिमा रॉड्रिग्स और शुभा सतीश ने डेब्यू किया, जबकि गेंदबाज के तौर पर रेणुका सिंह खेल रही हैं। दोनों बल्लेबाजों ने पहले ही दिन अपनी छाप छोड़ी। हालांकि, गेंदबाज की बारी आज शायद ही आएगी। अगर विकेट गिरते हैं तो वे गेंदबाजी करती नजर आएंगी।
अगर शुभा सतीश की बात करें तो उन्होंने प्रभाव छोड़ा। टीम को पहला झटका जल्दी लग गया था। ऐसे में उनको नंबर तीन पर आना पड़ा। बैंगलोर में जन्मी सुभा ने 76 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 69 रनों की पारी खेलकर टीम को संभाला। उन्होंने जेमिमा रॉड्रिग्स के साथ अच्छी साझेदारी भी। शुभा का स्ट्राइक रेट 90.79 का था। किसी भी नई बैटर के लिए टेस्ट क्रिकेट में इतनी तेज गति से रन बनाना मुश्किल होता है, लेकिन शुभा को देखकर लगा कि उनके लिए ये आसान है।
वहीं, अगर बात जेमिमा की करें तो उनके पास व्हाइट बॉल क्रिकेट में खेलने का लंबा अनुभव है, जिसका फायदा उनको इस टेस्ट मैच में मिला। जेमिमा रॉड्रिग्स ने 82 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। जेमिमा भी काफी तेज गति से रन बना रही हैं और करीब 10 चौके उन्होंने अपने अर्घशतक तक जड़े। 23 साल की जेमिमा काफी समय से भारत के लिए व्हाइट बॉल क्रिकेट में एक्टिव हैं। वे अब तक 24 वनडे इंटरनेशनल और 89 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं।
