छत्तीसगढ़ प्रदेश

आज और कल राहुल गांधी की छत्तीसगढ़ में दाे-दाे सभाएं

रायपुर. छत्तीसगढ़ में अगले माह होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ताधारी कांग्रेस ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। लगातार विधानसभाओं में जहां सभाएं हो रही हैं, वहीं नामांकन रैली में भी शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उनकी दो दिनों में चार सभाएं होंगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी आज रात काे रायपुर पहुंचेंगे। उनकी कल तीन सभाएं होंगी। भाजपा के केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय नेता लगातार आ रहे हैं। कांग्रेस की महासचिव और स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी 30 अक्टूबर को दुर्ग में जहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य कांग्रेस के प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल होंगी, वहीं आम सभा में शिरकत करेंगी।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा का चुनाव दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण का नामांकन समाप्त हो गया है अब 20 सीटों पर सात नवंबर को मतदान होगा। दूसरे चरण के लिए नामांकन भरने का दौर चल रहा है। यह दौर 30 अक्टूबर तक चलेगा। नामांकन रैलियों में भी भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल हो रहे हैं। इसी के साथ सभाओं का दौर भी चल रहा है।
राहुल की आज दो सभाएं
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी आज सुबह 11.45 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां से वे हेलीकॉप्टर द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ भानुप्रतापपुर जाएंगे, जहां पर एक बजे आम सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2.40 बजे फरसगांव में आम सभा को संबोधित करेंगे। दूसरे दिन कल राहुल गांधी की फिर से दो सभाएं होंगी। पहली सभा दोपहर 1 बजे राजनांदगांव में होगी, जहां पर कांग्रेस के भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ गिरीश देवांगन को मैदान में उतारा है। इस सभा के बाद दूसरी सभा प्रदेश के मंत्री मो. अकबर के विधानसभा क्षेत्र कवर्धा में दोपहर 2.50 बजे होगी।
सीएम के नामांकन में रहेंगी प्रियंका
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन से चुनाव लड़ रहे हैं। इसी के प्रदेश के मंत्री ताम्रध्वज साहू दुर्ग ग्रामीण से चुनाव मैदान में हैं। इनके साथ कांग्रेस के जो भी प्रत्याशी हैं, उन सबकी नामांकन रैली में प्रियंका गांधी 30 अक्टूबर को शामिल होंगी। इसके पहले दुर्ग में आम सभा में प्रियंका गांधी शिरकत करेंगी।
नड्डा की कल तीन सभाएं
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज रात काे रायपुर पहुंचेंगे। यहां आने के बाद वे रात को ठाकरे परिसर में बैठक लेंगे। इसके बाद कल सुबह अमलीडीह में भाजपा के कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम सुनेंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा डोंगरगढ़ विधानसभा के ठेलकाडीह गांव जाएंगे और वहां पर सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा के बाद वे पंडरिया और चंद्रपुर विधानसभा के मालखरौदा में सभा को संबोधित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button