चोरों ने गैस एजेंसी से छह लाख की नकदी और सीसीटीवी कैमरे किया पार
बरेली. देवरनियां के रिछा-जहानाबाद मार्ग पर रिछा पुलिस चौकी के नजदीक स्थित नितिन गैस एजेंसी से चोर छह लाख की नकदी और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर चोरी कर ले गए. पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर बदलकर रिपोर्ट दर्ज की है.
जानकारी के अनसुार बहेड़ी के मोहल्ला रामलीला निवासी सरला देवी ने बताया कि गैस एजेंसी के गोदाम पर बांसबोझ निवासी तीन लोग तैनात थे. रात में किसी समय चोर अंदर घुस आए. उन्होंने नकदी और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर चोरी कर ली. कर्मचारियों ने सूचना दी तो वह मौके पर पहुंचीं. उन्होंने बताया कि नजदीक ही पुलिस चौकी है. इसके बाद भी बेखौफ बदमाशों ने एजेंसी को निशाना बना लिया.
मामले की शिकायत करने पर पुलिस जांच करने पहुंची. सरला देवी ने बताया कि पुलिस ने अपने हिसाब से तहरीर लिखवाई है. चोरी गई राशि का ब्यौरा दर्ज नहीं किया गया है. वहीं इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह धामा के अनुसार तहरीर में रकम स्पष्ट नहीं की गई थी. जांच की जा रही है.
