छत्तीसगढ़ प्रदेश
भ्रष्टाचार के खिलाफ आम आदमी पार्टी यूथ विंग की बड़ी जीत
नौनिहाल स्कूल के पास सड़क निर्माण कार्य शुरू, गुणवत्ता जांच की मांग

नौनिहाल स्कूल के पास सड़क निर्माण कार्य शुरू, गुणवत्ता जांच की मांग

ज़ोहेब खान……..रायपुर। आम आदमी पार्टी यूथ विंग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की है। रानी लक्ष्मी बाई वार्ड क्रमांक 10, जोन कार्यालय के सामने हुए जोरदार प्रदर्शन और नगर निगम की लापरवाही को उजागर करने के बाद, प्रशासन को हरकत में आना पड़ा। नतीजतन, नौनिहाल स्कूल के पास वर्षों से लंबित पड़े सड़क निर्माण कार्य को 22 दिसंबर 2024 को शुरू कर दिया गया।
यूथ विंग के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सेन ने बताया कि 2022-23 में इस क्षेत्र में नाली और सीसी रोड निर्माण के लिए 3,99,000 रुपये का टेंडर स्वीकृत किया गया था। बावजूद इसके, अब तक कोई कार्य नहीं हुआ था। जब आम आदमी पार्टी ने इस घोटाले को जनता के सामने लाया और विरोध प्रदर्शन किया, तो प्रशासन को मजबूर होकर कार्य शुरू करना पड़ा।
ज्ञापन और भ्रष्टाचार पर रोक की मांग
आम आदमी पार्टी यूथ विंग ने 23 दिसंबर 2024 को जोन 3 शंकर नगर में ज्ञापन सौंपते हुए जोन में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने जोर देकर कहा कि नगर निगम को अपने कार्यों की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
गुणवत्ता जांच की मांग
यूथ विंग ने इस बात पर भी जोर दिया कि नौनिहाल स्कूल के पास हो रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। उनका आरोप है कि ठेकेदारों द्वारा बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया है। यदि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं हुआ, तो जनता के पैसे की बर्बादी होगी।
धरने की चेतावनी
यूथ विंग ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने भ्रष्टाचार पर रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे जोन 3 शंकर नगर में दोबारा बड़ा धरना प्रदर्शन करेंगे।
