फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारी संबंधी बैठक संपन्न
उत्तर बस्तर कांकेर 13 जुलाई 20235 :- फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2023 तथा आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारी के संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला की अध्यक्षता में गत दिनों कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, सहायक कलेक्टर, सभी रिटर्निंग ऑफिसर, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने पॉवर प्वाईंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने फार्म 06,07,08, बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वे, मतदाताओं का चिन्हांकन एवं निर्वाचक नामावली में मार्किंग, 100 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के निर्वाचकों का चिन्हांकन, मतदान केन्द्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधा, कैम्पस एम्बेसेटर के माध्यम से सभी महाविद्यालयों के पात्र युवाओं का नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने के संबंध में दिशा निदेश दिए गए।
इस अवसर पर बताया गया कि ऑफलाइन, ऑनलाइन फॉर्म 6-7899, फॉर्म 7-2447, फॉर्म 8-4482 प्राप्त हुए। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन 02 अगस्त को किया जाएगा। दो से 31 अगस्त तक दावा-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। उक्त अवधि में मतदाता अपने-अपने मतदान केन्द्रों में जाकर निर्वाचक नामावली का अवलोकन कर आवश्यक संशोधन, परिवर्तन अथवा विलोपन हेतु दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे। जिले के सभी मतदान केंद्रों में माह अगस्त में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।